
रायगढ़, 23 फरवरी। जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत थाना छाल पुलिस ने ग्राम बरभौना के जंगल में छापेमारी कर अवैध महुआ शराब बनाने की भट्ठी को नष्ट कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Shashi Mohan Singh के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित रेड की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बरभौना के बाहरी जंगल क्षेत्र में भट्ठी बनाकर अवैध महुआ शराब तैयार की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही शराब बनाने में संलिप्त लोग जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में महुआ पास (कच्चा माल) बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जिससे अवैध शराब निर्माण की प्रक्रिया तत्काल रोक दी गई।
गौरतलब है कि हाल ही में थाना छाल द्वारा जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को अवैध शराब के खिलाफ जागरूक किया गया था और सूचना देने की अपील की गई थी। ग्रामीणों की सतर्कता के आधार पर यह कार्रवाई संभव हो सकी। गांव में मुनादी कराकर दोबारा चेतावनी दी गई है कि अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में उप निरीक्षक मदन पाटले, आरक्षक भूपेश राठिया, प्रबंध राठिया, उमेंद्र उरांव और सतीश जगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।







