
छत्तीसगढ़। बैंक और फाइनेंस कंपनी का पर्सनल लोन सेटल कराने का भरोसा देकर 6.10 लाख रुपये लेने और रकम जमा नहीं कराने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता शकुंतला टोप्पो की रिपोर्ट पर गांधीनगर थाना पुलिस ने प्रतीक ठाकुर के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।
लोन की बकाया राशि चुकाने का दिया था भरोसा
शिकायत के अनुसार, शकुंतला टोप्पो के पति इग्नासियुस टोप्पो ने वर्ष 2023 में एक्सिस बैंक से 5.50 लाख रुपये और चोलामंडलम फाइनेंस से 7.64 लाख रुपये का पर्सनल लोन लिया था। समय पर पूरी किस्तें जमा नहीं हो पाने के कारण दोनों खातों में बकाया राशि और ब्याज बढ़ रहा था। इसी दौरान परिवार के परिचित प्रतीक ठाकुर ने लोन का भुगतान कर खाते बंद कराने का भरोसा दिया।
नकद और ऑनलाइन माध्यम से दिए 6.10 लाख रुपये
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 13 मार्च 2025 को प्रतीक ठाकुर को दो लाख रुपये नकद दिए गए। इसके बाद 7 जुलाई तक अलग-अलग किश्तों में 4.10 लाख रुपये ऑनलाइन और चेक के माध्यम से दिए गए। आरोप है कि रकम लेने के बाद प्रतीक ने दोनों लोन का सेटलमेंट हो जाने की बात कही, लेकिन भुगतान की रसीद या बैंक से जारी क्लोजर दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए।
फाइनेंस कंपनी के फोन के बाद खुला मामला
कुछ समय बाद चोलामंडलम फाइनेंस कंपनी की ओर से इग्नासियुस टोप्पो को बकाया लोन जमा करने के लिए फोन आया। इसके बाद दंपती ने प्रतीक ठाकुर से संपर्क किया। शिकायत में कहा गया है कि वह लगातार जल्द भुगतान कराने का आश्वासन देता रहा, लेकिन संबंधित लोन खातों में रकम जमा नहीं हुई।
धोखाधड़ी का मामला दर्ज, जांच जारी
इसके बाद शकुंतला टोप्पो ने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस अब दिए गए नकद, ऑनलाइन भुगतान, चेक और बैंक लोन खातों से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।

