
रायगढ़, 20 नवंबर 2026। शादी का झांसा देकर महिला का शारीरिक शोषण करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को रायगढ़ महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर महिला थाना की टीम ने जूटमिल थाना क्षेत्र के ग्राम भाठनपाली में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 33 वर्षीय महिला ने 3 नवंबर 2026 को महिला थाना रायगढ़ में ग्राम भाठनपाली निवासी प्रवीण कुमार प्रधान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि उसका वर्ष 2012 में सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह हुआ था और वर्ष 2024 में उसकी पहचान प्रवीण कुमार प्रधान से हुई। बातचीत बढ़ने के दौरान आरोपी का महिला के चक्रधरनगर स्थित किराये के मकान में आना-जाना शुरू हुआ।
आरोप है कि 4 दिसंबर 2024 को आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिलाकर उसके घर में शारीरिक संबंध बनाए और शादी के वादे के नाम पर लगातार शोषण करता रहा। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि 18 जनवरी 2026 को आरोपी उसके घर पहुंचा, विवाद किया और जबरन शारीरिक संबंध बनाया तथा बाद में शादी से मुकरते हुए धमकी दी।
केस दर्ज होते ही हुआ था फरार, मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
महिला की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 98/2026, धारा 351(3) और 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। प्रकरण दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में महिला थाना तथा जूटमिल पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त द्वारा सक्रिय किए गए मुखबिर तंत्र से शुक्रवार को आरोपी के ग्राम भाठनपाली में होने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने दबिश देकर प्रवीण कुमार प्रधान (33 वर्ष, पिता दिनदयाल प्रधान) को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।