
रायगढ़ नगर निगम चुनाव: भाजपा के रोड शो के जवाब में कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान तेज
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया रोड शो, उमेश पटेल ने घर-घर पहुंचकर मांगे वोट
रायगढ़। नगर निगम चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक दलों का प्रचार अभियान जोरों पर है। शुक्रवार को भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रोड शो कर पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल बनाया। वहीं कांग्रेस की ओर से पूर्व मंत्री उमेश पटेल ने महापौर और पार्षद प्रत्याशियों के पक्ष में डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया।
मीडिया से चर्चा करते हुए उमेश पटेल ने कहा, “पिछले एक साल में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी है, जिससे साफ है कि जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी।” उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी प्रत्याशियों के नाम वापसी के जरिए मतदाताओं के अधिकारों का हनन कर रही है।
उमेश पटेल ने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा, “अगर किसी वार्ड में कांग्रेस का पार्षद जीतता है तो क्या वहां विकास कार्यों के लिए फंड नहीं मिलेगा? सरकार को निष्पक्ष रहना चाहिए और सभी क्षेत्रों के विकास के लिए समान रूप से काम करना चाहिए।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मतदाताओं को प्रलोभन देने और डराने-धमकाने के हथकंडे अपना रही है, जिसका जवाब जनता मतदान के जरिए देगी।
रायगढ़ नगर निगम चुनाव में दोनों ही प्रमुख दलों के प्रचार अभियानों ने गर्मी बढ़ा दी है और चुनावी माहौल पूरी तरह से राजनीतिक रंग में रंग चुका है।