
31 जनवरी तक नाम वापसी, 11 फरवरी को मतदान, 15 फरवरी को मतगणना
रायगढ़, 29 जनवरी 2025 – नगरीय निकाय आम चुनाव 2024-25 के तहत रायगढ़ नगर निगम सहित अन्य निकायों में नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रक्रिया संपन्न हो गई। रायगढ़ नगर निगम के वार्ड क्रमांक 8 से संध्या भगत और वार्ड क्रमांक 16 से डॉ. श्रीधर स्वाई का नामांकन पत्र अमान्य पाया गया है। हालांकि, महापौर पद के लिए दाखिल सभी 9 नामांकन पत्र विधिमान्य घोषित किए गए हैं।

रायगढ़ नगर निगम में 177 में से 175 नामांकन वैध
रायगढ़ नगर निगम के 48 वार्डों के लिए कुल 177 उम्मीदवारों ने पार्षद पद हेतु नामांकन दाखिल किया था। संवीक्षा के बाद 2 नामांकन निरस्त होने से अब 175 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। वहीं, महापौर पद के लिए दाखिल सभी 9 नामांकन वैध पाए गए हैं।

संवीक्षा प्रक्रिया कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्तिकेया गोयल के निर्देशन में रिटर्निंग ऑफिसर रवि राही द्वारा की गई। इस दौरान चुनाव प्रेक्षक के.डी. कुंजाम, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, ज्वाइंट कलेक्टर राकेश कुमार गोलछा, डिप्टी कलेक्टर रेखा चंद्रा और एसडीएम रायगढ़ प्रवीण तिवारी मौजूद रहे।

अन्य नगर निकायों में भी संवीक्षा संपन्न
नगर पालिका परिषद खरसिया और नगर पंचायत पुसौर, किरोड़ीमलनगर, धरमजयगढ़, घरघोड़ा एवं लैलूंगा में भी संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा नामांकन पत्रों की संवीक्षा की गई।
- अध्यक्ष पद के लिए नामांकन:
- नगर पालिका खरसिया – 5 उम्मीदवार
- नगर पंचायत पुसौर – 4 उम्मीदवार
- नगर पंचायत किरोड़ीमल नगर – 3 उम्मीदवार
- नगर पंचायत धरमजयगढ़ – 5 उम्मीदवार
- नगर पंचायत घरघोड़ा – 3 उम्मीदवार
- नगर पंचायत लैलूंगा – 2 उम्मीदवार
- पार्षद पद के लिए नामांकन:
- खरसिया – 59 उम्मीदवार
- पुसौर – 37 उम्मीदवार
- किरोड़ीमल नगर – 30 उम्मीदवार
- धरमजयगढ़ – 39 उम्मीदवार
- घरघोड़ा – 45 उम्मीदवार
- लैलूंगा – 41 उम्मीदवार
सभी नामांकन पत्रों को वैध घोषित कर दिया गया है।
31 जनवरी तक नाम वापसी, 11 फरवरी को मतदान
चुनाव कार्यक्रम के तहत 31 जनवरी तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकते हैं। इसी दिन चुनाव चिन्हों का आवंटन भी किया जाएगा। 11 फरवरी को मतदान होगा, जबकि 15 फरवरी 2025 को मतगणना और परिणामों की घोषणा की जाएगी।




