
बृहस्पति सिंह के पुतला दहन की जोरदार कोशिश…उधर दिल्ली में-‘छत्तीसगढ़ डोल रहा है, बाबा-बाबा बोल रहा है…
रायपुर/बलरामपुर। बलरामपुर रामानुजगंज विधायक बृहस्पत सिंह द्वारा आदिवासियों को अनपढ़ कहे जाने के मामले में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने आज जमकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प की भी खबर है। दूसरी तरफ, नई दिल्ली में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं द्वारा छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के समर्थन में नारेबाजी करने की खबर आ रही है। बलरामपुर से मिल रही जानकारी के अनुसार, एबीवीपी ने विधायक निवास घेरने की तैयारी की थी। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोका। एबीवीपी नेताओं और पुलिस के बीच झड़प भी देखने को मिली। रामानुजगंज स्थित विधायक सिंह के निवास को घेरने जा रहे एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बृहस्पति सिंह मुर्दाबाद के नारे लगाए। खबर है कि राजपुर में बृहस्पति सिंह के पुतला दहन का भी जोरदार प्रयास किया गया। पुलिस को रोकने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। कांग्रेस से जुड़ी दूसरी खबर यह भी है कि उधर दिल्ली में संसद घेराव करने पहुंचे छत्तीसगढ़ के एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के नाम पर नारे लगाए हैं। एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष कोको पाढ़ी के नेतृत्व में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने ‘छत्तीसगढ़ डोल रहा है, बाबा-बाबा बोल रहा है’ के नारे लगाए हैं।