
रायगढ़, 19 नवंबर 2026। जिले में अवैध और अनैतिक गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के केलो विहार में चल रहे अनैतिक देह व्यापार का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से संचालक को गिरफ्तार करते हुए नकदी और मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू (52 वर्ष) केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराये पर लेकर अनैतिक देह व्यापार संचालित कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में चक्रधरनगर पुलिस की टीम गठित की गई।
योजनाबद्ध कार्रवाई के तहत पुलिस ने मकान की घेराबंदी की और एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर भीतर भेजा। निर्धारित संकेत मिलते ही संयुक्त टीम ने मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान गोविंद साहू मौके पर मिला, जबकि एक कमरे से एक युवती और कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। पूछताछ में युवती ने बताया कि आरोपी ने रुपये देकर उसे अनैतिक कार्य के लिए बुलाया था, वहीं आरोपी ने पैसों की जरूरत के चलते इस कार्य में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ग्राहकों से मिले 2,000 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा सहित उपनिरीक्षक गेंदलाल, उपनिरीक्षक संजय नाग, साहू, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक हर्ष चंद्राकर, मनीषा ध्रुवे, सहायक उपनिरीक्षक भागीरथी चौधरी, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, महिला आरक्षक जेनिपा पन्ना और महिला आरक्षक प्रीति यादव की सक्रिय भूमिका रही।
एसएसपी का संदेश एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में किसी भी तरह की अवैध और अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की लगातार निगरानी बनी हुई है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।