रायगढ़ पुलिस ने अपराध समीक्षा बैठक में जारी किए कड़े निर्देश, होली से पहले सुरक्षा बढ़ाने का जोर


रायगढ़। जिले में अपराध नियंत्रण और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर पुलिस ने व्यापक रणनीति बनाई है। बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले के सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और शाखा प्रमुखों की अपराध समीक्षा बैठक ली।

बैठक में एसएसपी ने निर्देश दिए कि सभी राजपत्रित अधिकारी जिला स्तरीय क्राइम मीटिंग से पूर्व अपने-अपने अनुविभाग स्तर पर थाना प्रभारी और विवेचकों की बैठक लें, ताकि गंभीर अपराधों की समीक्षा और विवेचना की गुणवत्ता में सुधार हो सके। इसके अलावा, विवेचकों के मार्गदर्शन हेतु समय-समय पर कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

होली से पहले सुरक्षा और विजुअल पुलिसिंग

एसएसपी ने होली पर्व को देखते हुए असामाजिक तत्वों और बदमाशों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों में शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई होगी। इसके साथ ही विजुअल पुलिसिंग के तहत प्रतिदिन तीन सवारी और “डिंक एंड ड्राइव” जैसे यातायात उल्लंघनों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

ऑपरेशन शंखनाद और ऑपरेशन आघात

बैठक में एसएसपी ने ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत गौवंश तस्करी पर निगरानी बढ़ाने और ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत अवैध शराब व मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और वैश्यावृत्ति जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में नहीं होने दिया जाएगा। जिस थाना क्षेत्र में लापरवाही पाई गई, वहां के थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सड़क सुरक्षा और बीट प्रणाली को मजबूत करने के निर्देश

एसएसपी ने जिले में लागू बीट प्रणाली को प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक बीट प्रभारी अपने क्षेत्र की पूरी जानकारी रखे और किसी भी घटना, दुर्घटना या आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचे। बैठक में लंबित अपराध, गुमशुदा मामले, मर्ग और अन्य शिकायतों की समीक्षा कर उनका त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, हिट एंड रन मामलों की नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश भी दिया गया।

साइबर निगरानी और तकनीकी सुधार

बैठक में ‘सशक्त ऐप’ का अधिकाधिक उपयोग कर चोरी के वाहनों को ट्रेस करने और जिले के सीसीटीवी कैमरों को ‘त्रिनयन ऐप’ से जोड़ने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, बीट स्तर पर अधिक से अधिक नागरिकों को ‘साइबर प्रहरी’ से जोड़ने, थानों में रजिस्टरों का विधिवत संधारण और गूगल फॉर्म के माध्यम से नागरिक फीडबैक लेने की प्रक्रिया को सुनिश्चित करने का आदेश भी दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अधिकारियों से कहा कि अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति प्रभावी रूप से लागू की जाए, ताकि रायगढ़ जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button