रायगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी — जोबी पुलिस ने गांजा तस्करी के फरार आरोपी को जशपुर से किया गिरफ्तार



रायगढ़ ।

[img-slider id="274450"]
जिले में नशा कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस एक के बाद एक नशा तस्करों को पकड़कर सलाखों के पीछे भेज रही है। इसी क्रम में जोबी पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े मामले के फरार आरोपी सोनू लाल सोनार को जशपुर जिले के आमटोली गांव से गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, सोनू लाल सोनार (उम्र 21 वर्ष, पिता मत्थु लाल, निवासी आमटोली, थाना बागबहार, जिला जशपुर) ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश भेजने वाले एक संगठित तस्कर गिरोह का सक्रिय सदस्य था। रविवार की सुबह जोबी पुलिस ने बागबहार थाना क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से तस्करी में उपयोग की गई ऑल्टो कार (OD 14 J 5565) भी जब्त की है।

गौरतलब है कि 26 अगस्त को जोबी पुलिस ने ग्राम कुर्रु में बड़ी कार्रवाई करते हुए अनीता बाई अगरिया के घर से 64 किलो 360 ग्राम गांजा (कुल 62 पैकेट) बरामद किया था। उस मामले में पूछताछ के दौरान अनीता बाई ने खुलासा किया था कि यह गांजा सरस्वती साहू, मनोज साहू, सोनू लाल सोनार और लवकेश पांडे द्वारा ओडिशा से लाया गया था। उस समय सरस्वती साहू को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए थे।

अब, फरार आरोपी सोनू लाल सोनार की गिरफ्तारी से पुलिस को पूरे नेटवर्क के बारे में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन और एएसआई लक्ष्मी राठौर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक दशरथ लाल, आरक्षक राजेंद्र राठिया, अश्वनी और राजा राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि रायगढ़ जिले को ‘नशामुक्त’ बनाने की दिशा में यह एक और बड़ी सफलता है। शेष फरार आरोपी मनोज साहू और लवकेश पांडे की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button