रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम सराईपाली में तलवार लेकर घूमने और लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे की धारदार तलवार जब्त की है। आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर जेल दाखिल कराया गया।
बस्ती में तलवार लेकर घूमने की मिली सूचना
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को सूचना मिली कि ग्राम सराईपाली की बस्ती में दिलीप सिदार हाथ में धारदार तलवार लेकर घूम रहा है और लोगों के साथ गाली-गलौज कर उन्हें डरा-धमका रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी ने उप निरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम को मौके पर भेजा।
पुलिस टीम ने गांव में तलाश के दौरान युवक को तालाब के पास तलवार लहराते हुए पाया। इसके बाद घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
तलवार जब्त, आर्म्स एक्ट के तहत मामला
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलीप सिंह सिदार (32 वर्ष), पिता ईश्वर प्रसाद, निवासी ग्राम सराईपाली, थाना पूंजीपथरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से लोहे की धारदार तलवार जब्त की। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की तथा आरक्षक नरेंद्र पैंकरा, विक्रांत भगत और सुरेश सिदार की भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर लोगों में भय पैदा करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की बात कही है।