Raigarh : ग्राम विकास में बाधा व महिला सरपंच को बदनाम करने का आरोप

ग्राम पंचायत सेमरा के सरपंच, पंच और ग्रामीणों ने जनदर्शन में सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग

रायगढ़। ग्राम पंचायत सेमरा के सरपंच, पंच, ग्रामवासी एवं मजदूरों ने कलेक्टर रायगढ़ को ज्ञापन सौंपकर महिला सरपंच के खिलाफ सोशल मीडिया में कथित रूप से अपमानजनक पोस्ट, टिप्पणियां और वीडियो प्रसारित किए जाने की शिकायत की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पंचायत चुनाव के बाद से एक व्यक्ति द्वारा महिला सरपंच एवं उनके परिवार को निशाना बनाते हुए व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों में लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां, पोस्ट एवं वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इससे महिला सरपंच की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है तथा पंचायत के विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा है कि इस तरह की गतिविधियों से पंचायत में अनावश्यक विवाद का माहौल बन रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा पंचायत के विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Back to top button