क्राइमछत्तीसगढ़बिलासपुररायपुर

रायपुर में सफाई पर अरुण साव का एक्शन, बिलासपुर VIP सर्किट हाउस की बदहाली पर सवाल

अनिल शुक्ला की रिपोर्ट

छत्तीसगढ़ में सरकारी परिसरों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था को लेकर रायपुर और बिलासपुर की दो अलग-अलग तस्वीरें प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल खड़े कर रही हैं। राजधानी रायपुर में सफाई व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगर निगम के दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है। वहीं बिलासपुर के मुंगेली नाका स्थित वीआईपी सर्किट हाउस परिसर में शराब की खाली बोतलें, गुटखा-पाउच, डिस्पोजल गिलास और पान की पीक मिलने के मामले में जवाबदेही तय होने का इंतजार है।

सवाल यह है कि जब राजधानी में सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से जवाब मांगा जा सकता है, तो फिर मंत्री, विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के ठहरने वाले वीआईपी सर्किट हाउस की स्थिति पर कार्रवाई कब होगी?

रायपुर में दो अधिकारियों को नोटिस, तीन दिन में जवाब तलब

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 16 नवंबर 2026 को रायपुर नगर निगम के उपायुक्त एवं सफाई प्रभारी जसदेव बाबरा तथा जोन क्रमांक-4 की आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने शहर के विभिन्न स्थानों पर फैली गंदगी के लिए दोनों अधिकारियों को प्रथम दृष्टया जिम्मेदार मानते हुए तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

नोटिस में कहा गया है कि सफाई व्यवस्था को लेकर नियमित समीक्षा बैठकों में निर्देश दिए जाने के बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। समाचार पत्रों में लगातार गंदगी से संबंधित खबरें प्रकाशित होने से नगर निगम और शासन की छवि प्रभावित होने की बात भी नोटिस में दर्ज है।

विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 और छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम (अधिकारियों तथा सेवकों की नियुक्ति एवं सेवा के निबंधन एवं शर्तें) नियम, 2018 के तहत जवाब मांगा है। निर्धारित अवधि में जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

बिलासपुर के VIP सर्किट हाउस में अलग तस्वीर

दूसरी ओर, बिलासपुर के मुंगेली नाका स्थित वीआईपी सर्किट हाउस परिसर की स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं। पुराने सर्किट हाउस, नवीन अरपा भवन, न्यू सर्किट हाउस और अरपा सभाकक्ष जैसे महत्वपूर्ण भवनों वाले इस परिसर में गार्डन, पौधों की क्यारियों और छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के आसपास शराब की खाली बोतलें, गुटखा-पाउच, पानी के पाउच और डिस्पोजल गिलास बिखरे मिले।

नवीन भवन के पीछे का हिस्सा भी कचरे और काटकर छोड़ी गई पेड़ों की टहनियों से बदहाल दिखाई दिया। यह सरकारी अतिथियों और जनप्रतिनिधियों के आवागमन वाला महत्वपूर्ण परिसर है। ऐसे में यहां सफाई और सुरक्षा की नियमित निगरानी अपेक्षित है।

दो उप अभियंताओं के जिम्मे रखरखाव, फिर जवाबदेही कहां?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुराने सर्किट हाउस के रखरखाव की जिम्मेदारी उप अभियंता अतुल स्वर्णकार के पास है, जबकि नवीन अरपा भवन की जिम्मेदारी उप अभियंता अश्विनी कुंजम संभाल रहे हैं।

इस संबंध में उप अभियंता अतुल स्वर्णकार से चर्चा करने पर उन्होंने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति आकर बोतलें डाल गया होगा। वहीं उप अभियंता अश्विनी कुंजम से पक्ष जानने के लिए फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

ऐसे में परिसर के अलग-अलग प्रवेश द्वारों के बावजूद शराब की बोतलें और गंदगी पहुंचने, प्रवेश रजिस्टर की जांच, सुरक्षा कर्मचारियों की ड्यूटी और नियमित निरीक्षण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

एक तरफ कार्रवाई, दूसरी तरफ इंतजार

उपमुख्यमंत्री अरुण साव के पास नगरीय प्रशासन एवं विकास के साथ लोक निर्माण विभाग की भी जिम्मेदारी है। रायपुर में नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा सफाई व्यवस्था पर जवाबदेही तय करने की कार्रवाई के बीच बिलासपुर के लोक निर्माण विभाग से जुड़े वीआईपी सर्किट हाउस की स्थिति भी ध्यान आकर्षित करती है।

हालांकि रायपुर नगर निगम की सफाई व्यवस्था और बिलासपुर के सर्किट हाउस का रखरखाव अलग-अलग प्रशासनिक व्यवस्थाओं के अंतर्गत आता है, लेकिन दोनों मामलों में सरकारी संपत्ति के रखरखाव और अधिकारियों की जिम्मेदारी का सवाल अहम है।

बिलासपुर के इस सरकारी परिसर की बदहाली को लेकर अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी को कारण बताओ नोटिस दिए जाने अथवा विभागीय जांच की सार्वजनिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में यह देखना होगा कि लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मामले को संज्ञान में लेकर जांच कराते हैं या नहीं।

अब उपमुख्यमंत्री से भी उठ रहे सवाल

बिलासपुर में यह सवाल उठ रहा है कि जब रायपुर में गंदगी के मामले में दो अधिकारियों से जवाब मांगा जा सकता है, तो वीआईपी सर्किट हाउस में फैली गंदगी और शराब की बोतलों के मामले में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही क्यों नहीं तय की जा रही?

लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता और वरिष्ठ अधिकारियों से परिसर का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, सुरक्षा, प्रवेश रजिस्टर, कर्मचारियों की ड्यूटी और रखरखाव संबंधी अभिलेखों की जांच किए जाने की मांग की जा रही है। उप अभियंताओं से लिखित स्पष्टीकरण लेकर जिम्मेदारी स्पष्ट करने की जरूरत भी जताई जा रही है।

छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के आसपास शराब की बोतलें और गुटखा-पाउच का बिखरा होना केवल सफाई का मामला नहीं, बल्कि सरकारी परिसर की गरिमा और विभागीय जिम्मेदारी से जुड़ा विषय है। रायपुर में कार्रवाई की पहल के बाद अब बिलासपुर के वीआईपी सर्किट हाउस पर प्रशासन की नजर पड़ती है या नहीं, यह देखना होगा।

अब सवाल सीधा है—रायपुर में गंदगी पर नोटिस, तो बिलासपुर के VIP सर्किट हाउस में बदहाली पर कार्रवाई कब?

Show More
ANIL SHUKLA

ANIL SHUKLA

REPORTER

◾जिलाध्यक्ष - छ. ग. जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन, रायपुर

Back to top button