रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया शातिर नकबजन, देश के कई राज्यों में दर्ज हैं चोरी के मामले


रायपुर। देश के अलग–अलग राज्यों में घूम-घूमकर ज्वेलरी शॉप और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में करोड़ों रुपए की चोरी करने वाले शातिर नकबजन लोकेश श्रीवास को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आंध्रप्रदेश, उड़ीसा, दिल्ली और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में चोरी के गंभीर आरोप हैं।

जेल से छूटने के बाद शुरू की वारदातें

पुलिस के अनुसार, लोकेश श्रीवास जेल से छूटने के अगले ही दिन रायपुर के सिविल लाइन और मौदहापारा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी शिव कुमार वर्मा ने सिविल लाइन थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पंडरी स्थित उनकी कपड़े की दुकान का छप्पर तोड़कर 2.75 लाख रुपए नगद चोरी कर लिए गए। उसी रात पास की नोवा फर्नीचर दुकान से 1.40 लाख और डिजाइनर सेनेटेशन हार्डवेयर दुकान से 2.85 लाख रुपए चोरी किए गए।

तीनों दुकानों से कुल 7 लाख रुपए की चोरी के मामले में सिविल लाइन थाना में अपराध पंजीबद्ध किया गया।

एंटी क्राइम और साइबर टीम ने की गिरफ्तारी

घटना स्थलों के आसपास लगे हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
सीसीटीवी फुटेज को साइबर यूनिट के डाटाबेस से मिलान करने पर आरोपी की पहचान लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू के रूप में हुई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी ने कई वारदातों की स्वीकारोक्ति की

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने रायपुर समेत अन्य स्थानों पर दर्जनभर से अधिक चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से 79,500 रुपए नगद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।

प्रदेश और देश में दर्जनों चोरी की घटनाओं में आरोपी का नाम

लोकेश श्रीवास अब तक छत्तीसगढ़ सहित देश के अन्य राज्यों में दो दर्जन से अधिक बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों को लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button