रायपुर। राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर स्थित चौपाटी में रविवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में खाने-पीने की करीब 5 से 6 दुकानें जलकर खाक हो गईं। आग के दौरान एक दुकान में गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से नुकसान और बढ़ गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, आगजनी में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चौपाटी में आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। हालांकि, शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। आग तेजी से फैलने के कारण दुकानों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया।
दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की दो गाड़ियों को लगाया गया। दमकलकर्मियों ने लगातार प्रयास कर आग बुझाने का काम किया।
सिलेंडर ब्लास्ट से बढ़ा नुकसान
जोन अध्यक्ष सचिन मेघानी ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई थी। चौपाटी में खाने-पीने की करीब 5 से 6 दुकानें आग की चपेट में आई हैं। दुकानों में रखा सामान पूरी तरह जल गया है। आग के दौरान एक दुकान में गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से वहां भारी नुकसान हुआ।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, आगजनी से हुए कुल आर्थिक नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है।
