सारंगढ़ में युवक की हत्या का खुलासा: पुरानी रंजिश में चाकू से कई वार, दो आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी अभिरक्षा में
सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल एक अपचारी बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने युवक की हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू के साथ आरोपियों के जलाए गए कपड़ों के अवशेष और राख भी बरामद की है।
तालाब के पास गंभीर हालत में मिला था युवक
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान संजय सुमन के रूप में हुई है। वह ग्राम भांठागांव स्थित रंजीता तालाब के नीचे मुख्य मार्ग के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। उसके सीने, पेट, पसली और बाएं हाथ की कलाई पर धारदार हथियार से कई चोटें थीं। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता रामप्रसाद सुमन की जानकारी और मर्ग जांच के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जिला अस्पताल सारंगढ़ से मिली शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने मौत का कारण चाकू के घावों से हुआ रक्तस्रावी आघात (Hemorrhagic Shock) बताया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की।
साइकिल से घर लौट रहे संजय का स्कूटी से किया पीछा
पुलिस की विवेचना में पता चला कि 8 नवंबर 2026 की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच संजय सुमन अपने दोस्त ओमप्रकाश उर्फ धोंडू के घर से साइकिल लेकर वापस अपने घर जा रहा था।
इसी दौरान साहिल सुमन, पंकज जोल्हे और एक अपचारी बालक पुरानी रंजिश के चलते चाकू लेकर उसका पीछा कर रहे थे। तीनों स्कूटी से संजय के पीछे पहुंचे और हीरा हार्डवेयर के आगे उसे रोक लिया।
पुलिस के मुताबिक, स्कूटी रोकने के बाद साहिल ने कमर में रखा चाकू निकाला और संजय के सीने तथा पेट पर लगातार कई वार किए। इस दौरान पंकज ने उसके पैर पकड़ रखे थे, जबकि अपचारी बालक ने उसके हाथ पकड़ लिए थे।
इसी बीच मुख्य मार्ग पर वाहनों की लाइट दिखाई देने पर तीनों मौके से भाग निकले। अपचारी बालक मुख्य मार्ग की ओर, पंकज खेत की तरफ और साहिल स्कूटी लेकर कोसीर की ओर फरार हो गया।
हत्या के बाद चाकू फेंका, कपड़े जलाकर मिटाने की कोशिश की साक्ष्य
वारदात के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, साहिल ने हत्या में इस्तेमाल चाकू झाड़ियों की ओर फेंक दिया। वहीं, साहिल और अपचारी बालक ने अजय खूटे के नवनिर्मित मकान के पीछे अपने पहने हुए कपड़े जला दिए।
पुलिस ने जांच के दौरान 11 नवंबर को साहिल सुमन के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद किया। इसके अलावा मकान के पीछे से जले हुए कपड़ों के अवशेष और राख भी जब्त की गई।
साहिल सुमन और पंकज जोल्हे गिरफ्तार, नाबालिग अभिरक्षा में
मामले में पुलिस ने साहिल सुमन और पंकज जोल्हे को 11 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। वहीं, घटना में शामिल अपचारी बालक के संबंध में सामाजिक पृष्ठभूमि प्रतिवेदन तैयार कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 238 एवं 3(5) भी जोड़ी हैं। गिरफ्तार आरोपियों और अपचारी बालक को न्यायिक रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के दिशा-निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल एवं एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में कोसीर थाना प्रभारी निरीक्षक आर.एन. साय, PSI नेहा चन्द्राकर, प्रधान आरक्षक भीम सेन सिदार, जयराम साहू, छत्रपति जोल्हे तथा आरक्षक धनसाय कुर्रे, विकास पटेल, सुरेश बर्मन, उमेश जांगड़े सहित कोसीर थाना के समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







