
नई दिल्ली। राजधानी में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब लाल किला और दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। ई-मेल में “बम फटने वाला है” लिखकर धमकी दी गई थी। यह धमकी कथित तौर पर खालिस्तानी ग्रुप के नाम से भेजी गई बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। Delhi Fire Service (DFS) के अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब 8:50 बजे धमकी की सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद बम डिटेक्शन टीम, फायर विभाग, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर दोनों परिसरों और आसपास के क्षेत्रों की सघन जांच की। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
लाल किला की सुरक्षा बढ़ाई गई
धमकी के बाद लाल किला परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों को पहले से भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में संभावित हमले के इनपुट मिले थे, जिसके मद्देनजर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
8 संदिग्ध गिरफ्तार
इस बीच दिल्ली पुलिस ने अलग कार्रवाई में 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी किसी बड़े धमाके की साजिश रच रहे थे। जांच में सामने आया है कि कुछ आरोपियों के संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी Inter-Services Intelligence (ISI) से जुड़े आतंकी नेटवर्क से होने की आशंका है।
गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले की पहचान और उसके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।




