सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुलिस ने ऑपरेशन आगाज के तहत अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया है। कार्रवाई में 25 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों सहित कुल पांच आरोपियों को पकड़ा है। मोटरसाइकिल, स्कूटी और मोबाइल फोन समेत 14 लाख 62 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। जांच में तस्करी के तार उत्तर प्रदेश के मेरठ, नोएडा और दिल्ली तक जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
चेकपोस्ट के पास दोपहिया वाहनों से पहुंचे संदिग्ध पकड़े गए
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर को सुकमा चेकपोस्ट के पास गांजा तस्करी की सूचना मिलने पर टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान दोपहिया वाहनों से पहुंचे संदिग्धों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके ट्रॉली बैग से 12 पैकेटों में रखा 25 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू की।
ओडिशा से सुकमा लाकर बस और ट्रेन से भेजते थे गांजा
जांच में सामने आया कि गांजा ओडिशा के मलकानगिरी क्षेत्र से दोपहिया वाहनों के जरिए सुकमा लाया जाता था। इसके बाद तस्करी से जुड़े लोग सामान्य यात्रियों की तरह ट्रॉली बैग, सूटकेस और अन्य बैगों में गांजा छिपाकर बसों तथा ट्रेनों से अलग-अलग राज्यों तक पहुंचाते थे। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क के तार उत्तर प्रदेश के मेरठ, नोएडा और दिल्ली तक जुड़े मिले हैं।
मेरठ और नोएडा तक पहुंची जांच
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और पूछताछ के आधार पर नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया। जांच के दौरान मेरठ के दो आरोपियों और नोएडा के एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार, सुकमा से जगदलपुर पहुंचे कुछ आरोपियों को टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा। मामले में अब तक दो विधि से संघर्षरत बालकों सहित कुल पांच लोगों को पकड़ा गया है।
मुख्य सरगना की पहचान, अन्य सहयोगियों की तलाश
पुलिस जांच में गांजा उपलब्ध कराने, परिवहन की व्यवस्था करने और अलग-अलग राज्यों में इसकी डिलीवरी तथा बिक्री कराने वालों की भूमिका सामने आई है। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर नेटवर्क के मुख्य सरगना की पहचान किए जाने की बात पुलिस ने कही है। उसकी गिरफ्तारी और अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, आर्थिक रूप से कमजोर और बेरोजगार युवाओं को पैसों का लालच देकर गांजा पहुंचाने के काम में लगाया जाता था। अब इस अवैध कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।
14.62 लाख रुपये का मशरूका जब्त
कार्रवाई के दौरान गांजे के अलावा पल्सर मोटरसाइकिल, स्कूटी और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने जब्त सामग्री की कुल कीमत 14 लाख 62 हजार 500 रुपये बताई है। इस मामले में थाना सुकमा में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) और 29 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन आगाज के तहत कार्रवाई का उद्देश्य तस्करी में शामिल लोगों के साथ-साथ नेटवर्क के संचालकों और आर्थिक स्रोतों तक पहुंचना है।
छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की अन्य कार्रवाइयों से जुड़ी खबरें भी पढ़ें: जशपुर में ऑपरेशन आघात के तहत 8.250 किलो गांजा जब्त।