
रायगढ़, 12 फरवरी। जिले को अपराध मुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा बीट प्रणाली को सशक्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को बीट व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में थाना तमनार में थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर ने ग्राम कोटवारों की बैठक लेकर बीट सिस्टम को सक्रिय और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया। बैठक में पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने तथा “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जानकारी दी गई।
गांव-गांव तक सक्रिय होगा सूचना तंत्र
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रत्येक ग्राम के लिए बीट प्रभारी नियुक्त हैं और कोटवारों को उनके साथ नियमित संपर्क बनाए रखना होगा, ताकि गांव स्तर की हर महत्वपूर्ण सूचना समय पर पुलिस तक पहुंचे। इससे अपराध नियंत्रण और घटना-दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव होगी।
‘ऑपरेशन आघात’ के तहत सख्ती
बैठक में बताया गया कि तमनार क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा, जुआ-सट्टा एवं खुडखुडिया जैसी गैरकानूनी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कोटवारों को निर्देश दिए गए कि ऐसी किसी भी गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।
सामाजिक और सुरक्षा संबंधी निर्देश
परीक्षाओं के दौरान गांवों में अनावश्यक डीजे एवं तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर नियंत्रण
प्रत्येक गांव में मुसाफिर पंजी का संधारण
बाहरी व्यक्तियों, फेरीवालों एवं घुमंतू लोगों का विवरण दर्ज करना
संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देना
साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा पर जोर
थाना प्रभारी ने बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी और ग्रामीणों को जागरूक करने का आह्वान किया। साथ ही शराब सेवन के बाद वाहन न चलाने, दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
तमनार पुलिस की यह पहल पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने और ग्राम स्तर पर अपराध की रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे सुरक्षित एवं अपराध मुक्त क्षेत्र की दिशा में ठोस आधार तैयार किया जा सके।





