छत्तीसगढ़ में तंत्र-मंत्र ठगी का भंडाफोड़, सरपंच पति समेत 5 गिरफ्तार, पैसे डबल करने के नाम पर ढाई लाख की ठगी

CG Tantrik Fraud: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से अंधविश्वास का फायदा उठाकर की गई ठगी का मामला सामने आया है। जहां तंत्रिक ने एक व्यक्ति से ढाई लाख की ठगी की, बिल्हा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

CG Tantrik Fraud: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से अंधविश्वास और लालच का फायदा उठाकर की गई ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। तंत्र-मंत्र के जरिए पैसे डबल करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से ढाई लाख रुपये की ठगी की गई। मामले में सरपंच पति समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी ढोंगी तांत्रिक अब भी फरार है।

बिल्हा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस की टीमें फरार तांत्रिक की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

ढाई लाख को ढाई करोड़ बनाने का दिया लालच

बिल्हा थाना प्रभारी अवनीश पासवान के अनुसार, Baikunthpur जिले के चरचा थाना अंतर्गत शरडी पांडुपारा निवासी शिवकुमार चेरवा (52) ने इस ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसके परिचित राजीव ने रुपये डबल करने का लालच देकर उससे ढाई लाख रुपये तैयार रखने को कहा था।

31 दिसंबर को पीड़ित अपने साथियों के साथ बिलासपुर के बिल्हा चौक पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात बिमला गोंड, बृहस्पति, ब्रिज बाई, विजय राज और एक कथित ‘गुरुजी’ से कराई गई। ढोंगी तांत्रिक ने दावा किया कि वह तंत्र-मंत्र के जरिए ढाई लाख रुपये को ढाई करोड़ में बदल देगा।

सरपंच के घर में रची गई ठगी की साजिश

इसके बाद गिरोह पीड़ित को ग्राम संबलपुरी स्थित सरपंच के घर ले गया, जहां सरपंच पति रिखिराम नवरंग पहले से मौजूद था। योजना के तहत गिरोह के कुछ सदस्य पीड़ित को कार में बाहर छोड़कर पूजा-पाठ के बहाने घर की छत पर चले गए।

रात करीब 10 बजे पीड़ित को बताया गया कि तांत्रिक थाली में रुपये रखकर मंत्रोच्चार कर रहा है। जब कुछ देर बाद पीड़ित और उसके साथी छत पर पहुंचे, तो वहां रखे ढाई लाख रुपये गायब थे।

श्मशान घाट के बहाने ढोंगी तांत्रिक फरार

रुपये गायब होने पर पूछताछ करने पर ढोंगी तांत्रिक ने पीड़ित को गुमराह करते हुए कहा कि पैसे श्मशान घाट में मिल जाएंगे। वह सरपंच पति रिखिराम और एक अन्य साथी विपिन को साथ लेकर श्मशान घाट पहुंचा, लेकिन कुछ देर बाद दोनों को वापस घर भेज दिया और खुद मौका पाकर फरार हो गया।

जब पीड़ित को ठगी का पूरा अहसास हुआ और गिरोह के अन्य सदस्य भी भागने लगे, तब उसने पुलिस से शिकायत की।

5 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घेराबंदी कर सरपंच पति रिखिराम नवरंग समेत गिरोह की तीन महिलाओं और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस तरह कुल पांच आरोपियों को जेल भेजा गया, जबकि ढोंगी तांत्रिक अब भी फरार है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस की जनता से अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र और पैसे दोगुने करने के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते ऐसे गिरोहों पर कार्रवाई की जा सके।

Share This Article
Leave a review