
रायगढ़ में टैक्स वसूली अभियान तेज, पेट्रोल पंप संचालक पर एफआईआर की तैयारी
रायगढ़। नगर निगम द्वारा बकाया कर वसूली को लेकर चलाया जा रहा सख्त अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में निगम प्रशासन ने बड़े बकायादारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू करते हुए गोरखा सरायपाली चौक स्थित पेट्रोल पंप संचालक सुनील गर्ग के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने और न्यायालय में परिवाद दायर करने की तैयारी शुरू कर दी है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार संबंधित संचालक द्वारा टैक्स भुगतान के लिए दिया गया चेक बाउंस हो गया था। इसके बाद बुधवार को निगम की टीम ने पेट्रोल पंप को सील कर दिया। बार-बार नोटिस जारी करने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने पर अब विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जा रही है, ताकि अन्य बकायादारों को भी सख्त संदेश दिया जा सके।

अभियान के तहत शहीद चौक स्थित महालक्ष्मी ट्रेडिंग कंपनी द्वारा संचालित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को सील करने निगम की टीम पहुंची, लेकिन संचालक निरंजन लाल अग्रवाल ने मौके पर ही बकाया टैक्स का भुगतान कर दिया। इसी तरह भक्ति गली के श्याम कुमार डे, गद्दी चौक स्थित आदित्य सांवरिया एवं शासकीय बुनकर समिति के नल कनेक्शन भी बकाया राशि जमा न करने पर काट दिए गए। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक बकाया राशि जमा नहीं होगी, तब तक कनेक्शन बहाल नहीं किए जाएंगे।

वहीं कबीर चौक क्षेत्र में बकाया कर के चलते सील की गई दुकान के संचालक छोटू बेग द्वारा भुगतान किए जाने के बाद सील खोलने की कार्रवाई की गई। निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो बकायादार समय पर टैक्स जमा करेंगे, उन्हें नियमानुसार राहत दी जाएगी।

नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बड़े बकायादारों की सूची के आधार पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाए और राजस्व वसूली को प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिक समय पर टैक्स जमा कर अनावश्यक कार्रवाई और सरचार्ज से बच सकते हैं।
निगम प्रशासन का कहना है कि टैक्स से प्राप्त राशि से ही शहर में विकास कार्य और नागरिक सुविधाओं के लिए आवश्यक निर्माण कार्य किए जाते हैं। इसलिए सभी नागरिकों से समय पर कर भुगतान कर शहर के विकास में सहयोग करने की अपील की गई है।

