
जमीन विवाद में शिक्षक की हत्या, शव जलाने की कोशिश, आरोपी फरार
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जर्वे से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जमीन विवाद के चलते एक शिक्षक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिसके बाद आरोपी ने शव को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 मार्च को खेत में एक व्यक्ति का आधा जला हुआ शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू की, जिसमें मृतक की पहचान देवानंद भारद्वाज (करीब 35 वर्ष) के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि मृतक का गांव के ही टिमन लाल मनहर के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। घटना के दिन शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच आरोपी ने दिव्यांग शिक्षक देवानंद भारद्वाज पर कुल्हाड़ी से गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को विवादित खेत में ले जाकर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने घटना देख ली। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 86/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 238 के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
