होली पर शराब बिक्री का निर्णय जनविरोधी और समाज में अशांति फैलाने वाला: चुम्मन साहू

छुरिया। जिला कांग्रेस महामंत्री चुम्मन साहू ने होली जैसे पावन पर्व पर शराब बिक्री की अनुमति देने के सरकार के निर्णय को जनभावनाओं पर सीधा हमला बताते हुए उसकी तीखी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह फैसला सरकार की असंवेदनशीलता और दोहरे चरित्र को उजागर करता है।

चुम्मन साहू ने कहा कि त्योहारों के नाम पर राजस्व कमाने की लालच में सरकार समाज की शांति, महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से खुला खिलवाड़ कर रही है। होली जैसे उल्लास और भाईचारे के पर्व पर शराब की खुली बिक्री से झगड़े, मारपीट और आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी तय है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले पूर्ण शराबबंदी के दावे करने वाली भाजपा सरकार अब खुद शराब को बढ़ावा देकर प्रदेश को नशे की गिरफ्त में धकेल रही है।

यह निर्णय सांस्कृतिक मूल्यों, सामाजिक मर्यादाओं और गांधीवादी विचारधारा का घोर अपमान है। जिला कांग्रेस महामंत्री चुम्मन साहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भाजपा सरकार ने होली सहित अन्य महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील पर्वों पर शराब दुकानों को बंद रखने का निर्णय तत्काल वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस पार्टी जनहित में सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

उन्होंने सरकार से मांग की कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए होली पर शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि प्रदेश में शांति, सौहार्द और सामाजिक समरसता बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button