
छुरिया : जिला कांग्रेस महामंत्री चुम्मन साहू ने केंद्र सरकार द्वारा संसद में प्रस्तुत केंद्रीय बजट पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट आम जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरने में विफल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट किसान, मजदूर, युवा, महिला एवं मध्यम वर्ग की अनदेखी करते हुए बड़े कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने वाला साबित हुआ है।चुम्मन साहू ने कहा कि देश का अन्नदाता किसान आज भी उचित समर्थन मूल्य, कर्ज माफी, सिंचाई सुविधाओं एवं बढ़ती लागत को कम करने की मांग कर रहा है, लेकिन बजट में किसानों के लिए कोई ठोस और भरोसेमंद प्रावधान नहीं किया गया।
इससे साफ है कि सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है।उन्होंने आगे कहा कि मनरेगा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे जनकल्याणकारी क्षेत्रों में अपेक्षित बजटीय बढ़ोतरी न होना केंद्र सरकार की जनविरोधी सोच को उजागर करता है। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता जैसे ज्वलंत मुद्दों पर बजट पूरी तरह मौन है।युवाओं के संदर्भ में उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन के नाम पर बजट में केवल आंकड़ों और घोषणाओं की पुनरावृत्ति की गई है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
आज देश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, लेकिन सरकार के पास कोई ठोस रोडमैप नहीं है। चुम्मन साहू ने आरोप लगाया कि यह बजट “आम आदमी का नहीं, बल्कि कॉरपोरेट का बजट” है। इससे स्पष्ट हो गया है कि केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में गरीब, किसान और मजदूर शामिल नहीं हैं। कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी बजट का कड़ा विरोध करती है और जनता के हक़ के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।




