
हवाई, रेल और सड़क नेटवर्क के विस्तार से औद्योगिक निवेश व रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
रायपुर। केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को रायपुर प्रवास के दौरान कहा कि केंद्रीय बजट छत्तीसगढ़ में हवाई, रेल और सड़क कनेक्टिविटी को नई गति देगा। सिविल लाइन स्थित न्यू सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और अब जर्मनी को पीछे छोड़ने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
उड़ान और कृषि उड़ान से हवाई संपर्क मजबूत
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार उड़ान योजना के तहत छत्तीसगढ़ में हवाई सेवाओं के विस्तार पर लगातार काम कर रही है। जगदलपुर, बिलासपुर और अंबिकापुर से हवाई सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। वहीं रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल को कृषि उड़ान योजना में शामिल किया गया है, जिससे कृषि उत्पादों का तेज़ और सुगम परिवहन संभव होगा।
इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीक पर बड़ा निवेश
मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि बजट में देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है।
सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 10 हजार करोड़ रुपये
इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर के लिए 40 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है
इससे राज्य में औद्योगिक निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
सड़क और रेलवे नेटवर्क को मिलेगी मजबूती
उन्होंने बताया कि 2014 के बाद से छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास को प्राथमिकता दी गई है। अब तक 3,400 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जा चुका है। भारत माला परियोजना के तहत राज्य में 571 किलोमीटर से अधिक नेशनल हाईवे कॉरिडोर को मंजूरी दी गई है।
इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों के पुनर्निर्माण, वेयरहाउसिंग विस्तार और डेडिकेटेड इंडस्ट्रियल पार्क की स्थापना पर भी काम किया जाएगा। हाईटेक मशीनरी निर्माण और कैपिटल ग्रुप्स को बढ़ावा देकर छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की योजना है।




