
Tokyo में ओलंपिक के बीच ट्रेन में घुसे हमलावर ने 10 लोगों को चाकू से गोदा, 2 की हालत नाजुक; संदिग्ध धराया
टोक्यो ओलंपिक में दुनिया भर के खिलाड़ी इस वक्त मेडल जीतने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। इस बीच टोक्यो में एक हमलावर ने ट्रेन में कई लोगों पर एक साथ हमला कर दिया। इस हमले में घायल 2 लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक यह हमला एक कम्यूटर ट्रेन में शुक्रवार को किया गया। इस कातिलाना हमले के बाद आरोपी युवक फरार भी हो गया। बाद में फायर डिपार्टमेंट और पुलिस ने मिलकर इस युवक को धर दबोचा। ‘NHK public television’ ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि इस हमले में 2 यात्री गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं।
टोक्यो फायर डिपार्टमेंट ने कहा है कि इस हमले में जो 10 लोग घायल हुए हैं उनमें से 9 लोगों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि एक अन्य युवक इस हमले के बाद खुद से चलकर घर जाने में समर्थ था। बताया जाता है कि हमले में घायल सभी लोग अभी होश में हैं। स्थानीय टीवी चैनलों में इस हमले से जुड़े जो वीडियो दिखाए गए हैं उसमें नजर आ रहा है कि पुलिस की गाड़ियां और कई पुलिसकर्मी घटना के बाद वहां मौजूद हैं। यह हमला Seijogakuen station के पास हुआ है। यह ट्रेन लाइन ज्यादातर जमीन के ऊपर बिछी है, हालांकि जहां यह हमला हुआ है वहां ट्रेन अंडरग्राउड रेलवे रूट पर मौजूद थी। पुलिस ने अभी इस हमले के बारे में या पकड़े गए संदिग्ध हमलावर के बारे में और अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया है। पुलिस का कहना है कि अभी जांच-पड़ताल की जा रही है।
बता दें कि जापान की राजधानी टोक्यो में इस बार ओलंपिक खेल का आय़ोजन हुआ है। ओलंपिक का आयोजन हर 4 साल पर होता है लेकिन कोरोना वायरस महामारी की वजह से साल 2020 में इसका आयोजन नहीं हो सका था। जिसके बाद इस साल ओलंपिक का आयोजन हुआ है। टोक्यो ओलंपिक 23 जुलाई से शुरू हुआ था और यह आयोजन 8 अगस्त तक चलेगा। ओलंपिक में इस बार 33 खेलों में 339 मेडल के लिए मुक़ाबले हो रहे हैं। जापान पहले भी तीन बार ओलंपिक का आयोजिन कर चुका है। साल 1964, 1972 और 1988 में यहां ओलंपिक का आयोजन हुआ था।