
रायगढ़ से नई ट्रेन सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर ट्रेड यूनियन ने सौंपा ज्ञापन
रायगढ़। रेलवे सुविधाओं के विस्तार को लेकर ट्रेड यूनियन काउंसिल ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश को 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान यात्री सुविधाओं, ट्रेन संचालन और रेलवे ढांचे से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

रेल टर्मिनल निर्माण की मांग तेज
प्रतिनिधिमंडल ने रायगढ़ में रेलवे टर्मिनल के शीघ्र निर्माण की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि वर्ष 1998 में तत्कालीन रेल मंत्री नीतीश कुमार द्वारा इसकी घोषणा की गई थी, लेकिन 27 साल बाद भी यह परियोजना अधूरी है। मांग की गई कि टर्मिनल का नामकरण महाराजा चक्रधर सिंह के नाम पर किया जाए।

नई ट्रेनों और स्टॉपेज की मांग
यूनियन ने रायगढ़ से कोरबा, दक्षिण भारत और प्रयागराज के लिए नई ट्रेन शुरू करने की मांग की। साथ ही रायगढ़ से गुजरने वाली सभी ट्रेनों का स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की बात कही गई।

ट्रेनों की लेटलतीफी पर नाराजगी
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि चांपा-रायगढ़ के बीच ट्रेनों के लगातार लेट होने से यात्रियों को भारी परेशानी होती है। ट्रेनों को समय पर चलाने की मांग की गई।
यात्री सुविधाओं में सुधार की मांग
गोंडवाना एक्सप्रेस में पेंट्री कार सुविधा शुरू करने, स्टेशन सौंदर्यीकरण कार्य को शीघ्र पूरा करने और यात्री ट्रेनों को प्राथमिकता देने की मांग भी रखी गई। यूनियन ने कहा कि रेल लाइन विस्तार के दौरान यात्री ट्रेनों को रद्द करना उचित नहीं है, जबकि मालगाड़ियां चलती रहती हैं।

टिटलागढ़ रूट पर एक्सप्रेस ट्रेन की मांग
प्रतिनिधियों ने बिलासपुर-टिटलागढ़-विशाखापट्टनम रूट पर एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की मांग भी रखी, क्योंकि वर्तमान में इस रूट पर केवल एक पैसेंजर ट्रेन संचालित है।
जीएम ने दिया आश्वासन
महाप्रबंधक ने सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष शेख कलीमुल्लाह, सचिव श्याम जायसवाल, कोषाध्यक्ष सुनील मेघमाला सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
ट्रेड यूनियन काउंसिल को उम्मीद है कि इन मांगों पर सकारात्मक पहल होगी और रायगढ़ को बेहतर रेलवे सुविधाएं मिलेंगी।

