Ukraine Russia War: रूस के खिलाफ बना 21 देशों का ब्लॉक, यूक्रेन को भेज रहे हथियार और मदद; दिग्गज देश भी शामिल

Ukraine Russia Conflict: यूक्रेन पर रूस के हमले ने दुनिया को दो धड़ों में बांटकर रख दिया है। एक तरफ भारत जैसा देश तटस्थ रहने की कोशिश में है तो वहीं चीन और पाकिस्तान ने भी दूरी बना रखी है। इसके अलावा अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी जैसे पश्चिमी और यूरोपीय देश खुलकर रूस के सामने आ गए हैं। इनमें से कई देशों ने यूक्रेन को सैन्य हथियार मुहैया कराने से लेकर अन्य मदद देने की बात कही है। नाटो चीफ ने सोमवार को यूक्रेन को ऐंटी-टैंक हथियार और मिसाइलें देने का ऐलान किया। अब तक कुल 21 देशों की ओर से यूक्रेन की ओर से मदद का ऐलान किया गया है।

अमेरिका भेज रहा है बड़ी रकम और हथियार

अमेरिका ने यूक्रेन को 350 डॉलर की अतिरिक्त मदद देने का ऐलान किया है ताकि वह हथियारों की खरीद कर सके। बीते एक साल में अमेरिका ने कीव को यह बड़ी मदद दी है। युद्ध के बाद भी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ऐलान किया है कि अमेरिकी सैनिक यूक्रेन नहीं जाएंगे, लेकिन हर तरह की मदद दी जाएगी।

यूरोपियन यूनियन ने लिया बड़ा फैसला

यूरोपियन यूनियन के नेताओं ने कीव को 450 मिलियन यूरो की मदद देने की मंजूरी दी है। यह रकम यूक्रेन को हथियारों की खरीद और डिलिवरी के लिए दी जानी है। यूरोपियन यूनियन के फॉरेन पॉलिसी चीफ जोसेप बोरेल ने कहा कि कई देशों की ओर से यूक्रेन को फाइटर जेट भेजे जा रहे हैं।

कनाडा खुलकर दे रहा है मदद

कनाडा की ओर से यूक्रेन को खतरनाक सैन्य हथियार भेजे जा रहे हैं। 50 करोड़ कनाडाई डॉलर की रकम देने का फैसला लिया है। यह रकम इसलिए दी जा रही है ताकि यूक्रेन अपनी रक्षा के लिए हथियारों की खरीद कर सके।

जर्मनी ने लंबे समय बाद की किसी देश की मदद

आमतौर पर जर्मनी दूसरे देशों को हथियार निर्यात करने से बचता रहा है। लेकिन यूक्रेन की मदद में वह भी खुलकर सामने आया है। जर्मनी की ओर से 1,000 ऐंटी टैंक हथियार, 500 मिसाइल और 9 होवित्जर तोपों को भेजने का ऐलान किया गया है। यही नहीं 14 सैन्य वाहन और 10,000 ईंधन भी भेजने की बात जर्मनी ने कही है।

स्वीडन ने 80 साल बाद की किसी देश की मदद

स्वीडन ने भी 5,000 ऐंटी टैंक रॉकेट्स को यूक्रेन भेजने का ऐलान किया है। 1939 के बाद यह पहला मौका है, जब स्वीडन ने किसी देश में हथियार भेजे हैं। इससे पहले 1939 में उसने तब ऐसा किया था, जब रूसी तानाशाह स्टालिन ने फिनलैंड पर हमला कर दिया था।

फ्रांस भी खुलकर कर रहा है सहायता

फ्रांस की ओर से भी लगातार यूक्रेन को सैन्य हथियार भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा मानवीय सहायता भी देने का ऐलान किया गया है। पेरिस का कहना है कि उसने शुरुआती दौर में ही यूक्रेन को मदद करने का फैसला लिया था।

बोरिस जॉनसन ने भी यूक्रेन के पक्ष में ऐलान

ब्रिटेन की ओर से आने वाले दिनों में यूक्रेन को बड़ी मदद का ऐलान किया गया है। हालांकि ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने यह नहीं बताया है कि वह किस तरह से यूक्रेन को मदद करने का काम करेंगे।

तुर्की, इटली और ग्रीस समेत इन देशों ने भी किया मदद का फैसला

अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन समेत दुनिया के कई अन्य देशों ने यूक्रेन को मदद करने की बात कही है। इन देशों में बेल्जियम, नीदरलैंड, चेक रिपब्लिक, पुर्तगाल, ग्रीस, रोमानिया, इटली, तुर्की आदि शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button