UPSC प्रारंभिक परीक्षा आज, जिले के 22 केंद्रों में 8,449 अभ्यर्थी होंगे शामिल

रायपुर, 24 मई 2026। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा आज जिले के 22 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कुल 8 हजार 449 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस बार परीक्षा में पहली बार फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम लागू किया गया है।


फेस ऑथेंटिकेशन से मिलेगा प्रवेश

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले फेस ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा। इसके तहत स्कैनर या कैमरे के सामने खड़े होकर लाइव फोटो कैप्चर की जाएगी, जिसका मिलान आवेदन फॉर्म में अपलोड फोटो से किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया में लगभग 8 से 10 सेकंड का समय लगेगा। सफल सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा हॉल में प्रवेश दिया जाएगा।


सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सख्त

परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। सभी परीक्षा केंद्रों में प्रवेश के दौरान मेटल डिटेक्टर से फ्रिस्किंग की जाएगी। प्रत्येक केंद्र में कम से कम पांच पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों में जैमर लगाए गए हैं, ताकि इलेक्ट्रॉनिक संचार या नकल की किसी भी संभावना को रोका जा सके।


अंतिम 30 मिनट में वॉशरूम जाने पर रोक

प्रशासन ने परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एक समय में दो अभ्यर्थियों को वॉशरूम जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं परीक्षा के अंतिम 30 मिनट के दौरान किसी भी परीक्षार्थी को वॉशरूम जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।


समय से पहले पहुंचे अभ्यर्थी

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पहली पाली के लिए सुबह 9 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 2 बजे परीक्षा केंद्र का मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थियों से परीक्षा शुरू होने से कम से कम आधा घंटा पहले केंद्र पहुंचने की अपील की गई है।

परीक्षा पहली पाली में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक आयोजित होगी।


मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित

परीक्षा हॉल में केवल काले रंग की बॉल पेन, ई-एडमिट कार्ड, फोटोयुक्त पहचान पत्र, पारदर्शी पानी की बोतल और पासपोर्ट साइज फोटो ले जाने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, डिजिटल वॉच, बैग, पर्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।


500 मीटर दायरे में ध्वनि प्रदूषण पर रोक

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर दायरे में ध्वनि प्रदूषण और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था रोकने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा के दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग टीम लगातार निगरानी रखेगी।


अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश

फेस ऑथेंटिकेशन के दौरान अभ्यर्थियों को चेहरा स्पष्ट रखना होगा। टोपी, स्कार्फ या चेहरे को ढकने वाली किसी भी वस्तु का उपयोग नहीं किया जा सकेगा। साथ ही अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड के साथ मूल फोटो पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड या पैन कार्ड साथ रखना अनिवार्य होगा।

प्रशासन के अनुसार फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक का उद्देश्य फर्जी अभ्यर्थियों पर रोक लगाना और परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाना है।

Back to top button