कविता पाठ प्रतियोगिता में शासकीय  प्राथमिक शाला गुण्डरदेही  की छात्रा उर्वशी साहू ने किया जिले में नाम रोशन

छुरिया । समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत फरवरी 2026 में राजनांदगांव जिले में आयोजित जिला स्तरीय कविता पाठ प्रतियोगिता में शासकीय प्राथमिक शाला गुण्डरदेही की कक्षा 1 से 3 वर्ग की छात्रा उर्वशी साहू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है।

यह प्रतियोगिता जिला शिक्षा विभाग, राजनांदगांव एवं ओपन लिंक्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई थी, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान उर्वशी साहू ने अपनी स्पष्ट उच्चारण क्षमता, लयबद्ध कविता पाठ एवं भावपूर्ण अभिव्यक्ति से निर्णायक मंडल को विशेष रूप से प्रभावित किया।

छात्रा की इस सफलता में विद्यालय की प्रधान पाठक श्रीमती शाहीना कुरैशी एवं सहायक शिक्षिका श्रीमती ईश्वरी ठाकुर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके सतत मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास एवं प्रेरणा से उर्वशी साहू ने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

आयोजकों द्वारा जारी प्रमाण-पत्र में उर्वशी साहू की कविता प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई है। यह प्रमाण-पत्र ओपन लिंक्स फाउंडेशन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय डालमिया, जिला मिशन समन्वयक सतीश ब्योहारे एवं जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल द्वारा हस्ताक्षरित है।

उर्वशी साहू की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकगण एवं परिजनों में हर्ष का माहौल है। सभी ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button