
छत्तीसगढ़ में जनवरी के आखिरी सप्ताह में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। हवा की दिशा में बदलाव के कारण कई जिलों में न्यूनतम तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे ठंड का असर कम महसूस हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों में तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में मौसम रहा शुष्क
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। इस दौरान कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। राजनांदगांव में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
न्यूनतम तापमान में हो रही लगातार वृद्धि
हवा की दिशा बदलने से रात के तापमान में इजाफा देखने को मिल रहा है। कई जिलों में सुबह और रात की ठंड का असर पहले की तुलना में कम हो गया है। दिन के तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
सक्रिय हैं दो मौसम तंत्र
मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश पर दो मौसम तंत्र सक्रिय हैं। वहीं 26 जनवरी के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में रविवार को सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। दिन में मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में तापमान में क्रमशः वृद्धि होगी। ठंड का प्रभाव धीरे-धीरे कम होगा और दिन के समय हल्की गर्मी महसूस की जा सकती है।




