रायगढ़ में अफीम बेचने निकला युवक गिरफ्तार, ब्रेजा कार से 47 ग्राम अफीम जब्त

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ढिमरापुर चौक के पास ब्रेजा कार में अफीम रखकर ग्राहक तलाश रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 47 ग्राम अफीम और एक ब्रेजा कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 8.10 लाख रुपये बताई गई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ढिमरापुर चौक के पास सिल्वर रंग की ब्रेजा कार में एक युवक अवैध रूप से अफीम रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान अमरजीत सिंह (20 वर्ष), निवासी रामभांठा, जगतपुर के रूप में की है। इसके बाद कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के नीचे काले रंग की प्लास्टिक पन्नी में रखी 47 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई गई है।

ट्रक चालक से अफीम खरीदने की बात आई सामने

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी अफीम रखने के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। उसने कथित तौर पर एक ट्रक चालक से अफीम खरीदने की बात बताई। पुलिस ने 47 ग्राम अफीम के साथ करीब 8 लाख रुपये कीमत की ब्रेजा कार भी जब्त की है।

मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ग) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रकरण की आगे जांच कर रही है।

नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी जानकारी पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों को प्रभावी बनाया जा सके।

Back to top button