
आतंक के खात्मे का प्लान तैयार! बढ़े दुस्साहस के बीच आज कश्मीर जाएंगे अमित शाह
श्रीनगर: गृह मंत्री (Home Minister) अमित शाह (Amit Shah) आज (शनिवार) से 3 दिनों के दौरे पर जम्मू-कश्मीर (Jammu-Kashmir) जा रहे हैं. अनुच्छेद 370 (Article 370) हटाए जाने के बाद अमित शाह का ये पहला कश्मीर दौरा (Amit Shah Kashmir Visit) होगा. आज अमित शाह सबसे पहले दोपहर 12:30 बजे सुरक्षा की समीक्षा करेंगे. इसके अलावा गृह मंत्री आज श्रीनगर से शारजाह विमान सेवा की शुरुआत भी करेंगे.
कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था हुई सख्त
जम्मू-कश्मीर और यहां के लोगों के लिए आज का दिन खास होने जा रहा है. अमित शाह दोपहर करीब 12 बजे श्रीनगर पहुंचेंगे. इसके साथ ही उनका 3 दिनों का अहम दौरा शुरू हो जाएगा. अमित शाह सुरक्षा एजेंसियों के अफसरों के साथ अहम बैठक करेंगे. अमित शाह के दौरे को देखते हुए कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त कर दी गई है.
कई मायनों में खास है गृह मंत्री का दौरा
गृह मंत्री अमित शाह का जम्मू-कश्मीर दौरा कई मायनों में खास है. पहला तो ये कि कश्मीर घाटी में लगातार लोगों की टारगेट किलिंग हुई है. दूसरा ये कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से गृह मंत्री का ये पहला दौरा है. अमित शाह के दौरे को लेकर जम्मू-कश्मीर में खासी तैयारियां की गई हैं. सुरक्षा व्यवस्था को काफी सख्त कर दिया गया है.
अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए किए गए खास इंतजाम
पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं. मानो सुरक्षाबलों की इजाजत के बिना एक परिंदा भी पर नहीं मार सकता तो फिर आतंकी मंसूबों की हस्ती ही क्या है भला. श्रीनगर के 15 संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से हवाई निगरानी की जा रही है. इन इलाकों में अल्पसंख्यक आबादी ज्यादा है. यूं तो जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसिंयों को हमेशा चौकन्ना रहना होता है. लेकिन ये तैयारी बेहद खास है.
गृह मंत्री अमित शाह के दौरे और घाटी में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों को देखते हुए कश्मीर के कुछ इलाकों में इंटरनेट पर रोक लगा दी गई है. मकसद ये है कि देश विरोधी किसी भी हरकत को रोका जाए.
हमने आपको जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा इंतजामों की कुछ तस्वीरें दिखाईं. अब इसे लेकर सुरक्षाबलों की रणनीति भी समझिए. दरअसल घाटी में आतंकियों को ऐसा मौका ही नहीं मिलेगा कि वो किसी नापाक हरकत को अंजाम दे सकें.
उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा गृह मंत्री शाह को जम्मू-कश्मीर के हालात की जानकारी देंगे. अमित शाह सुरक्षा समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करेंगे. अमित शाह से आज जो लोग मिलेंगे उनमें IB के अधिकारियों के अलावा CRPF और NIA के डीजी भी शामिल हैं. गृह मंत्री पंचायत सदस्यों के साथ-साथ राजनीतिक कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे. अमित शाह श्रीनगर से शारजाह की पहली फ्लाइट का भी उद्घाटन करेंगे.
अमित शाह का जम्मू-कश्मीर दौरा इसलिए भी और महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि पिछले एक महीने में आतंकियों ने अपनी रणनीति बदलकर आम जनता में दहशत फैलाने के लिए टारगेट किलिंग का नया रास्ता चुना है. पिछले एक महीने में टारगेट किलिंग के जरिए कई बेगुनाह लोगों की हत्या कर दी गई. तमाम चुनौतियों के बावजूद गृह मंत्री शाह ने और मजबूती से अपने दौरे को लेकर सक्रियता दिखाई है. संदेश साफ है देश के गृह मंत्री कश्मीर में ग्राउंड जीरो पर जाकर बता देना चाहते हैं कि देश विरोधी किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
