एंट्री कराने के बाद लौटते वक्त तेज रफ्तार ट्रेलर ने ली चालक की जान

रायगढ़/तमनार। औद्योगिक क्षेत्र तमनार में एक बार फिर लापरवाह ड्राइविंग के चलते दर्दनाक हादसा सामने आया है। डोगामौहा स्थित जेपीएल कंपनी के मुख्य द्वार के पास गुरुवार सुबह हुए हादसे में 22 वर्षीय ट्रेलर चालक ओमप्रकाश मेहता की मौके पर ही मौत हो गई।


एंट्री के बाद लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मृतक ओमप्रकाश मेहता, निवासी झारखंड, ट्रेलर क्रमांक CG 13 L 3591 का चालक था। वह रोजाना की तरह सुबह जेपीएल प्लांट से रायगढ़ जाने की तैयारी में था। इस दौरान उसने अपनी गाड़ी मेन गेट के पास खड़ी कर आवश्यक गेट पास एंट्री कराई और वापस वाहन की ओर लौट रहा था।


तेज रफ्तार ट्रेलर ने मारी टक्कर

इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर क्रमांक CG 13 L 0379 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ओमप्रकाश सड़क पर उछलकर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।


अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी चालकों और कर्मचारियों ने घायल को तत्काल तमनार अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, मृतक के सीने, सिर, माथे और कान सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं।


पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलते ही तमनार पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button