
ओडिशा से महाराष्ट्र गांजा तस्करी कर रहे दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद, 24 मई 2026। महासमुंद पुलिस ने ओडिशा से महाराष्ट्र तक गांजा तस्करी कर रहे दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोडा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 6.360 किलोग्राम गांजा और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
बस का इंतजार कर रहे थे आरोपी
पुलिस को सूचना मिली थी कि मुरमुरी चौक क्षेत्र में एक महिला और एक पुरुष दो पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोडा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में पुरुष ने अपना नाम पराग ध्रुव (26) और महिला ने सायली मसराम (33) बताया। दोनों महाराष्ट्र के नागपुर निवासी हैं।
बैग से मिला 6 किलो से ज्यादा गांजा
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के बैग से कुल 6.360 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से नागपुर लेकर जा रहे थे।
जब्त गांजे की कीमत लगभग 3 लाख 18 हजार रुपए आंकी गई है। इसके अलावा आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य करीब 3 लाख 38 हजार रुपए बताया गया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
सिंघोडा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
तस्कर अपना रहे नए तरीके
पुलिस के अनुसार गांजा तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं। तस्करी के लिए एंबुलेंस, मूवर्स एंड पैकर्स वाहन, फलों से भरे ट्रक और छोटे वाहनों में बनाए गए गुप्त चेंबर का उपयोग किया जा रहा है।
कई मामलों में आरोपी कपड़ा फेरीवालों के भेष में भी गांजा सप्लाई करते पाए गए हैं।
सीमा पर कड़ी निगरानी
पुलिस ने बताया कि अंतर्राज्यीय सीमा पर चार स्थायी चेक पोस्ट बनाए गए हैं। इसके अलावा संभावित कच्चे रास्तों पर भी लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
सूचना तंत्र, तकनीकी विश्लेषण और विभिन्न राज्यों की एजेंसियों के समन्वय से “सोर्स प्वाइंट से डेस्टिनेशन प्वाइंट” तक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का दावा है कि अब तक 33 मामलों में पूरी सप्लाई चेन तोड़ने में सफलता मिली है।


