ओडिशा से रायगढ़ आ रहा 24 टन अवैध कबाड़ पकड़ा, 17.55 लाख की संपत्ति जब्त
ऑपरेशन प्रहार के तहत पूंजीपथरा पुलिस की कार्रवाई, 14 चक्का ट्रक में लदा था टिन और लोहे का स्क्रैप
रायगढ़, 10 अगस्त 2026। अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार पर कार्रवाई के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गेरवानी मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर 24 टन अवैध स्क्रैप से लदे 14 चक्का ट्रक को पकड़ा। जब्त कबाड़ और वाहन की कुल कीमत करीब 17.55 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को सूचना मिली थी कि रायगढ़ की ओर से एक 14 चक्का ट्रक में अवैध रूप से कबाड़ लोड कर पूंजीपथरा की ओर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गेरवानी मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक
इसी दौरान पुलिस ने RJ05GB2229 नंबर के 14 चक्का ट्रक को रोककर जांच की। चालक ने पूछताछ में अपना नाम नेमीचंद मीणा (46 वर्ष), निवासी रामपुरिया, थाना इटावा, जिला कोटा, राजस्थान बताया।
ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार के टिन और लोहे के टुकड़ों का स्क्रैप लदा मिला। पुलिस ने चालक से कबाड़ के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
ओडिशा से लाकर पूंजीपथरा में खपाने की बात
पुलिस पूछताछ में चालक ने बताया कि उसने कबाड़ ओडिशा से लोड किया था और इसे पूंजीपथरा स्थित प्लांट में खपाने के लिए लाया जा रहा था।
पुलिस ने ट्रक में लदे करीब 24 टन कबाड़ की कीमत 7.55 लाख रुपये आंकी है। इसके अलावा परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 14 चक्का ट्रक की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
इस तरह पुलिस ने कुल 17.55 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
आरोपी के खिलाफ कार्रवाई
मामले में आरोपी नेमीचंद मीणा के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क)(ड) BNSS एवं धारा 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक राज कुमार पैकरा तथा आरक्षक नरेन्द्र पैंकरा, सुरेन्द्र यादव और विनय तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवैध कबाड़ कारोबार पर जारी रहेगी कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के साथ-साथ परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



