ओवरलोडिंग और नियम उल्लंघन पर रायगढ़ पुलिस की सख्ती, बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता
स्कूली ऑटो की सघन जांच शुरू
रायगढ़, 20 जुलाई। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ पुलिस ने स्कूल ऑटो वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस यह अभियान चला रही है। अभियान के दौरान क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने, नशे की हालत में वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में दिए गए सख्त निर्देश
यातायात पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह ने स्कूल प्रबंधन के प्रतिनिधियों और ऑटो चालक संघ के पदाधिकारियों की बैठक लेकर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा की। बैठक में ऑटो चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन नहीं करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
स्कूल प्रबंधन से भी सहयोग की अपील
बैठक में स्कूल प्रबंधन से कहा गया कि यदि कोई ऑटो चालक क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन करता है या सुरक्षा नियमों की अनदेखी करता है, तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
नशे में वाहन चलाने पर होगी कड़ी कार्रवाई
डीएसपी ट्रैफिक ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान यदि कोई चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
शहरभर में शुरू हुई सघन जांच
बैठक के अगले दिन से ही यातायात थाना प्रभारी रोहित बंजारे और उनकी टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर स्कूल ऑटो की जांच शुरू कर दी। इस दौरान चालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और ओवरलोडिंग से बचने की सख्त हिदायत दी गई।
एसएसपी ने दिया सुरक्षा का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्कूल वाहन चालकों और शिक्षण संस्थानों को सभी सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा। क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन, लापरवाही अथवा नशे की हालत में वाहन संचालन करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस लगातार निगरानी रखेगी और कठोर कानूनी कार्रवाई करेगी।



