कथावाचक नरेंद्र शास्त्री यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार, पुलिस ने दर्ज किया मामला

महासमुंद। महासमुंद जिले की बागबाहरा पुलिस ने कथावाचक एवं ज्योतिषाचार्य नरेंद्र शास्त्री को यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए नरेंद्र शास्त्री पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि नरेंद्र शास्त्री रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र के निवासी हैं और कथावाचन एवं ज्योतिष के क्षेत्र में पहचान रखते हैं। गिरफ्तारी के बाद मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

पुलिस ने फिलहाल मामले की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की जांच जारी है और उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मामला संवेदनशील प्रकृति का है, इसलिए जांच पूरी होने तक अधिकृत जानकारी ही साझा की जाएगी। वहीं गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Back to top button