कबीरधाम q: स्मार्ट मीटर के विरोध में पांडतराई में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, हजारों लोगों ने बिजली कार्यालय का किया घेराव

स्मार्ट मीटर हटाकर विभाग को सौंपे, बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस लेने की मांग

कबीरधाम। जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत पांडतराई में स्मार्ट मीटर के विरोध में शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। पांडतराई सहित आसपास के गांवों से पहुंचे हजारों लोगों ने प्रदर्शन करते हुए स्मार्ट मीटर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव किया।

ग्रामीणों ने सरकार पर लगाया अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का आरोप

प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था के जरिए प्रदेश सरकार आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। उनका कहना था कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम परिवारों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्मार्ट मीटर निकालकर विभाग को किए जमा

विरोध जताते हुए कई ग्रामीण अपने घरों से स्मार्ट मीटर निकालकर बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और उन्हें विभाग के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने बिजली कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए बिजली दरों में वृद्धि वापस लेने और स्मार्ट मीटर व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग उठाई।

मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम उपभोक्ताओं के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बिजली विभाग की प्रतिक्रिया का इंतजार

समाचार लिखे जाने तक इस पूरे मामले में बिजली विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

Back to top button