कर्नाटक में अवैध रूप से रह रही पाकिस्तानी महिला और उसका बेटा गिरफ्तार

बेंगलुरु, 13 जुलाई। कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर जिले में अवैध रूप से रह रही एक पाकिस्तानी महिला और उसके बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों पर अपनी पाकिस्तानी नागरिकता छिपाकर भारतीय दस्तावेज हासिल करने का आरोप है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फराह नाज़ और उसके बेटे मोहम्मद फर्दीन के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों ने कथित तौर पर राशन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र बनवाने के लिए अपनी वास्तविक नागरिकता की जानकारी छिपाई थी। सत्यापन के बाद प्रशासन ने दोनों दस्तावेज निरस्त कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, फराह नाज़ की शादी संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में भारतीय मूल के मोहम्मद अयूब खान से हुई थी। उनका बेटा मोहम्मद फर्दीन पाकिस्तान में जन्मा था। बाद में परिवार भारत आकर चिक्काबल्लापुर जिले के दासेगरेपल्ली गांव में रहने लगा, लेकिन भारतीय नागरिकता प्राप्त किए बिना ही भारतीय पहचान दस्तावेज बनवा लिए गए।

चिक्काबल्लापुर पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), विदेशी नागरिक अधिनियम (Foreigners Act) और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम (Representation of the People Act) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि भारतीय दस्तावेज बनवाने में किसी एजेंट या नेटवर्क की भूमिका तो नहीं थी।

Back to top button