कांकेर : मलेरिया का कहर, 24 घंटे में दो बच्चों की मौत, 10 छात्र संक्रमित

दो छात्रों की हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर, छात्रावासों में स्वास्थ्य विभाग का विशेष अभियान जारी

कांकेर। जिले में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप ने चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटे के भीतर दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि छात्रावासों की जांच में 10 छात्र मलेरिया पॉजिटिव पाए गए हैं। दो छात्रों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने प्रभावित छात्रावासों में विशेष निगरानी और उपचार अभियान शुरू कर दिया है।

दो छात्रावासों में मिले संक्रमित छात्र

जानकारी के अनुसार, मर्दापोटी और इरादाह छात्रावासों में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जांच की गई, जिसमें कुल 10 छात्र मलेरिया से संक्रमित पाए गए। सभी प्रभावित बच्चों का उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण जारी है।

इलाज के दौरान एक छात्र की मौत

संक्रमित छात्रों में से तीन को एमसीएच अस्पताल, कांकेर में भर्ती कराया गया था। इनमें चौथी कक्षा के छात्र सुभाष की रविवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे पहले भी एक अन्य बच्चे की मौत हो चुकी है, जिससे 24 घंटे के भीतर मृतकों की संख्या दो हो गई।

दो छात्रों को रायपुर रेफर किया गया

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, गंभीर रूप से बीमार विक्रम मंडावी और तामेश्वर भास्कर को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। वहीं अन्य सात छात्रों को चिकित्सकीय निगरानी में रखकर उपचार किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, निगरानी बढ़ाई गई

घटना के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित छात्रावासों में स्वास्थ्य शिविर, मलेरिया जांच, दवा वितरण और नियमित निगरानी तेज कर दी है। साथ ही छात्रों और स्थानीय लोगों से बुखार या मलेरिया के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की गई है।

Back to top button