काले बैग में मिला युवती का शव, पहचान के लिए पुलिस ने जारी की अपील
राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, दोनों हाथ बंधे मिले
रायगढ़ा, 10 जुलाई। जिले के चांदिली थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मृतका की पहचान कराने के लिए सभी पुलिस इकाइयों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, चांदिली थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-326 पर हुंडई शोरूम के पास ग्राम खलीगुड़ा के समीप सड़क किनारे एक काले रंग के बैग के भीतर अज्ञात युवती का शव बरामद किया गया था। मामले में चांदिली थाना में अपराध क्रमांक 198/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
प्रारंभिक जांच में मृतका की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच, लंबाई करीब 160 सेंटीमीटर तथा रंग गेहुँआ से गोरा बताया गया है। मृतका ने लाल और हरे रंग का चेकदार नाइट सूट पहन रखा था। शव काफी सड़ी-गली अवस्था में मिला और उसके दोनों हाथ बंधे हुए पाए गए।
पुलिस के अनुसार, शव मिलने से लगभग 7 से 10 दिन पहले युवती की मौत होने की आशंका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
चांदिली थाना प्रभारी निरीक्षक उत्तम कुमार साहू ने सभी थाना, चौकी, जीआरपी, पुलिस इकाइयों और आम लोगों से अपील की है कि यदि इस हुलिए से मेल खाने वाली किसी गुमशुदा महिला की जानकारी हो, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस गुमशुदगी रजिस्टर और अन्य अभिलेखों का भी मिलान कर रही है ताकि मृतका की पहचान की जा सके।



