कुम्हारी ओवरब्रिज पर जलभराव से यातायात प्रभावित, दुर्ग पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान
दुर्ग। रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे पर कुम्हारी ओवरब्रिज के समीप चंदनडीह क्षेत्र में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हो गया है। सड़क पर पानी भरने से वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है, जिससे रायपुर और दुर्ग के बीच आवागमन में देरी हो रही है। वहीं, निर्माण कार्य के चलते सिरसा गेट मार्ग पूरी तरह बंद होने से इसे वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी उपयोग नहीं किया जा सकता।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने प्रभावित क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है तथा आवश्यकता अनुसार डायवर्जन व्यवस्था लागू की है।
इन मार्गों से भेजे जा रहे भारी वाहन
राजनांदगांव और बालोद की ओर से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को अंजोरा बाईपास, पुलगांव चौक, अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव (एम), मोतीपुर और अमलेश्वर होते हुए रायपुर भेजा जा रहा है।
अन्य वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
ट्रांसपोर्ट नगर, भिलाई और नेशनल हाईवे से रायपुर जाने वाले वाहनों के लिए अहिरवारा मोड़, कुम्हारी, मुरमुंडा चौक, कोचेबंद, मलपुरी कला, भालेसर, कंडरका चौक, पथरीडी, उरला और बिरगांव होकर जाने का मार्ग निर्धारित किया गया है।
वहीं, भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के कर्मचारियों के लिए उतई–सेलूद–फूंडा–मोतीपुर मार्ग तय किया गया है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रायपुर की ओर यात्रा करने से पहले पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें, केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें तथा निर्माण कार्य के कारण बंद सिरसा गेट मार्ग से जाने का प्रयास न करें। साथ ही यातायात पुलिस के निर्देशों और डायवर्जन व्यवस्था का पालन कर सुरक्षित एवं सुगम यातायात बनाए रखने में सहयोग करें।


