‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके का दावा, इंस्टाग्राम और ट्विटर अकाउंट हुए हैक

नई दिल्ली, 24 मई 2026। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके ने दावा किया है कि उनका निजी इंस्टाग्राम अकाउंट और पार्टी का आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज हैक कर लिया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके ट्विटर अकाउंट को रोक दिया गया है और बैकअप अकाउंट भी हटा दिया गया है।


सोशल मीडिया पर दी जानकारी

अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “कॉकरोच जनता पार्टी पर कार्रवाई की जा रही है। इंस्टाग्राम पेज हैक हो गया है। मेरा निजी इंस्टाग्राम भी हैक हो गया है। ट्विटर अकाउंट रोक दिया गया है और बैकअप अकाउंट भी हटा दिया गया है। फिलहाल हमारे किसी भी प्लेटफॉर्म तक हमारी पहुंच नहीं है।”उन्होंने लोगों से अपील की कि इसके बाद संबंधित अकाउंट्स से किए जाने वाले किसी भी पोस्ट को पार्टी का आधिकारिक बयान न माना जाए।


कुछ ही दिनों में सोशल मीडिया पर छा गया था अभियान

अभिजीत दिपके बोस्टन यूनिवर्सिटी के छात्र हैं और आम आदमी पार्टी के पूर्व सहयोगी भी रह चुके हैं। उन्होंने करीब एक सप्ताह पहले ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से व्यंग्यात्मक डिजिटल अभियान शुरू किया था, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।रिपोर्ट्स के मुताबिक पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ ही दिनों में करीब 1.9 करोड़ फॉलोअर्स जुड़ गए थे।


कैसे शुरू हुआ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ट्रेंड?

यह ट्रेंड उस विवाद के बाद शुरू हुआ, जिसमें भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की कथित टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हुई थी। बताया गया कि वरिष्ठ वकील का दर्जा देने से जुड़ी सुनवाई के दौरान ‘परजीवी’ और ‘कॉकरोच’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल हुआ था।हालांकि बाद में मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट किया था कि उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया और वह टिप्पणी फर्जी डिग्री लेकर कानूनी पेशे में आने वाले लोगों के संदर्भ में थी।


मीम्स और व्यंग्य से वायरल हुई पार्टी

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सोशल मीडिया पर मीम्स, व्यंग्यात्मक पोस्ट, ग्राफिक्स और राजनीतिक टिप्पणियों के जरिए तेजी से वायरल हुई। इस अभियान में बेरोजगारी, परीक्षा पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं से जुड़े मुद्दों को चुनावी घोषणापत्र और व्यंग्यात्मक अंदाज में पेश किया जा रहा था।अभिजीत दिपके ने इस अभियान को “आलसी और बेरोजगार लोगों की आवाज” बताया था।


जान से मारने की धमकी मिलने का भी दावा

इससे पहले भी अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि उन्हें व्हाट्सऐप पर जान से मारने की धमकियां मिली हैं। उन्होंने कथित धमकी भरे संदेशों के स्क्रीनशॉट साझा करते हुए आरोप लगाया था कि उनसे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का अकाउंट बंद करने या बीजेपी में शामिल होने का दबाव बनाया गया।

Back to top button