कोतबा पुलिस ने 15.1 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ युवक को पकड़ा, बाइक जब्त

जशपुरनगर। कोतबा पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 15.1 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही होंडा साइन मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि एक युवक पिठ्ठू बैग में शराब लेकर मोटरसाइकिल से कोतबा से गोलियागढ़ की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इंडियन गैस गोदाम के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

इसी दौरान संदिग्ध युवक को रोककर उसके बैग की तलाशी ली गई। तलाशी में अलग-अलग कंपनियों की 60 शीशी अंग्रेजी शराब मिली। बरामद शराब की कुल मात्रा 15.1 लीटर और अनुमानित कीमत करीब 11,625 रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं था।

आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी की पहचान केतन बंजारा (21), निवासी गोलियागढ़ के रूप में की है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

शराब परिवहन में इस्तेमाल होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG-14-MV-1725 भी पुलिस ने जब्त की है।

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस के अनुसार, अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button