गुरदा हत्याकांड का खुलासा: शराब पार्टी में विवाद के बाद किशोर की पीट-पीटकर हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में हुए किशोर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में किशोर की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में आरोपियों ने शव को बरगद के पेड़ के नीचे छिपाकर मामले को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।

खरसिया पुलिस ने मामले में दो युवकों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। यह मामला ग्राम गुरदा के डोगरमुड़ा खार क्षेत्र का है।

बरगद के पेड़ के नीचे मिला था शव

25 मई को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गुरदा के खेत इलाके में एक किशोर का शव पड़ा हुआ है। सूचना के बाद पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान ग्राम बरभौना निवासी 16 वर्षीय किशोर के रूप में हुई।

शव पर चोट और खरोंच के गंभीर निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत को हत्यात्मक बताया गया।

दोस्त के साथ गया था किशोर

मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन गांव का एक युवक उसे बाइक पर बैठाकर काम कराने के बहाने अपने साथ ले गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद अगले दिन शव बरामद हुआ।

जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित युवकों से पूछताछ की, जिसमें पूरे मामले का खुलासा हुआ।

चखना को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन सभी युवक खेत इलाके में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान चखना के लिए आम तोड़कर लाने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने किशोर के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट के दौरान वह खेत की मेड़ से नीचे गिर पड़ा और गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

दुर्घटना दिखाने की कोशिश

घटना के बाद आरोपियों ने शव को उठाकर बरगद के पेड़ के नीचे रख दिया, ताकि मामला हादसे जैसा लगे। बाद में जब परिजनों ने पूछताछ की तो आरोपियों ने झूठ बोलते हुए कहा कि किशोर घर लौट गया है।

पुलिस ने आरोपियों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर हत्या तथा साक्ष्य छिपाने की धाराएं बढ़ाई हैं।

तीनों आरोपी भेजे गए जेल

मामले में गिरफ्तार आरोपियों में चन्द्रशेखर उर्फ चंदा डनसेना, रघुसिंह उर्फ रघुनाथ राठिया और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस ने तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जिले में गंभीर अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून से बचने की कोशिश करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Back to top button