
गेरवानी स्कूल चोरी कांड का खुलासा, सिलिंग फैन और वायर चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में स्थित गेरवानी स्कूल में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। स्कूल से सिलिंग फैन, विद्युत वायरिंग और वाटर कूलर के कम्प्रेसर चोरी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी अब भी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए बिजली तार को बेचने के लिए घूम रहा था, तभी मुखबिर की सूचना पर उसे पकड़ लिया गया।
स्कूल में छुट्टी के दौरान हुई थी चोरी
मामले में शासकीय विद्यालय गेरवानी की प्राचार्य द्वारा 4 मई 2026 को थाना पूंजीपथरा में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि विद्यालय में लगे तीन सिलिंग फैन, तीन वाटर कूलर के कम्प्रेसर, सीसीटीवी वायरिंग और करीब 120 मीटर बिजली वायर चोरी हो गए थे।
बताया गया कि 30 अप्रैल को स्कूल बंद होने के बाद 1 मई से 4 मई तक अवकाश था। छुट्टी के बाद जब स्टाफ स्कूल पहुंचा तो चैनल गेट का ताला टूटा मिला और परिसर से सामान गायब था। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जूटमिल क्षेत्र के दो युवक बिजली तार लेकर घूम रहे थे।
सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर जूटमिल क्षेत्र निवासी आमीर खान उर्फ मोनु खान को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी राजू के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया।
जंगल में छिपाकर रखा था चोरी का सामान
आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए कम्प्रेसर और सिलिंग फैन को साथी के साथ मिलकर छिपा दिया गया था। वहीं कुछ बिजली तार फेरिवालों को बेच दिए गए थे।
पुलिस ने आरोपी के बताए अनुसार गेरवानी जंगल में छिपाकर रखा गया बोर पंप वायर बरामद कर लिया है। आरोपी के पास से बिक्री की बची रकम भी जब्त की गई।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी आमीर खान उर्फ मोनु खान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी राजू की तलाश जारी है।
पूरे मामले की कार्रवाई पूंजीपथरा पुलिस द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।


