ग्राम पंचायत हुंकरा और जेलगांव सीएसईबी काॅलोनी क्षेत्र माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित

एसडीएम ने जारी किया आदेश, अतिआवश्यक सुविधाओं को छोड़कर अन्य सभी गतिविधियां प्रतिबंधित

[img-slider id="274450"]

दिलीप कुमार वैष्णव@ आपकी आवाज
कोरबा छत्तीसगढ़ – जिले में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है। संक्रमण को रोकने के लिए अधिक संख्या में कोरोना पाॅजिटिव मरीज पाए जाने वाले क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाया जा रहा है। कटघोरा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत हुंकरा में दस कोरोना पाॅजिटिव व्यक्तियों की पहचान के बाद और दर्री तहसील में सीएसईबी काॅलोनी जेलगांव में एक ही स्थान पर सात कोरोना संक्रमित मिलने पर दोनो क्षेत्रों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। कटघोरा के एसडीएम श्री अभिषेक शर्मा ने इस संबंध मे जरूरी आदेश भी जारी कर दिए हैं। हुंकरा ग्राम पंचायत में मुख्य सड़क कटघोरा से लेकर दक्षिण सीमा पर स्थित गली तक, पूर्व दिशा में रामकुंवर की बाडी से लेकर पश्चिम दिशा में संतोष दुबे के मकान तक का क्षेत्र माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। इसी तरह दर्री तहसील के जेलगांव की सीएसईबी काॅलोनी के क्वाटर नंबर डी-362 से लेकर क्वाटर नंबर डी-369 तक का क्षेत्र कंटेनमेंट जोन होगा। इस क्षेत्र की चारो दिशाओं में 10-10 मीटर तक की परिधि के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन में शामिल किया गया है।
कोरोना संक्रामक महामारी की रोकथाम के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती किरण कौशल द्वारा अनुविभागीय अधिकारियों को अपने-अपनेे अधिकार क्षेत्र में परिस्थितियों के अनुसार कन्टेनमेंट जोन घोषित करने अधिकृत किया गया है। घोषित माइक्रो कंटेन्मेंट जोन में प्रवेश, निकास के लिए केवल एक द्वार होगा जिसमें तैनात पुलिस अधिकारी, फिजिकल डिस्टेंसिंग करते हुए मेडिकल इमरजेंसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति हेतु आवागमन करने वाले सभी व्यक्तियों का विवरण एक रजिस्टर में दर्ज करेंगे। कन्टेनमेंट जोन अंतर्गत सभी दुकानें, आफिस एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठान आगामी आदेश पर्यन्त पूर्णतः बंद रहेंगे। प्रभारी अधिकारी द्वारा कन्टेनमेंट जोन में होम डिलीवरी के माध्यम से आवश्यक वस्तु की आपूर्ति उचित दरों पर की जाएगी। कन्टेनमेंट जोन अंतर्गत सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंद रहेगा। मेडिकल इमरजेंसी छोड़कर अन्य किसी कारण से बाहर निकलना प्रतिबंधित रहेगा। कन्टेनमेंट जोन में लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराने संबंधित क्षेत्र के थाना प्रभारी उत्तरदायी होंगे। खण्ड चिकित्सा अधिकारी द्वारा संबंधित क्षेत्र में शासन के निर्देशानुसार कान्टेक्ट ट्रेसिंग, स्वास्थ्य निगरानी तथा सैम्पल की जांच आदि आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। कंटेनमेंट जोन में घरों के एक्टिव सर्विलांस, स्वास्थ्य टीम एसओपी अनुसार दवा, मास्क, पीपीई किट इत्यादि उपलब्ध कराने तथा बायो मेडिकल अपशिष्ट प्रबंधन की जिम्मेदारी बीएमओ डाॅ. दीपक सिंह को दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button