ग्रामीणों ने रेलवे का काम बंद कराया! मुआवजा व बोनस की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन

पावेल अग्रवाल धरमजयगढ़। रेलवे के लिए अधिग्रहित भूमि के एवज में मुआवजा व बोनस की राशि की मांग को लेकर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ के प्रेमनगर से दुर्गापुर रेलवे के लिए चल रहे ट्रैक निर्माण कार्य पर आज ग्रामीणों ने रोक लगा दिया है। आपको बता दे कि ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बोनस सहित जमीन का मुआवजा अभी तक कई किसानों को नही मिला है, और रेलवे का निर्माण कार्य चालू कर दिया गया है। ऐसे में किसानों में खासी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों में बताया कि क्षेत्र के कई किसानों का अभी तक सर्वे नही किया गया है और मुवावजे की प्रक्रिया भी करीब डेढ़ साल से लंबित है। ऐसे में ग्रामीणों के द्वारा रेलवे के कार्यो पर रोक लगाते हुए मुआवजा मिलने के बाद ही कार्य चालू करने की बात कही जा रही है। इस संबंध में नवनियुक्त किसान कांग्रेस के धरमजयगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष घसिया राम राठिया ने बताया कि चार किसानों का मुआवजा व बोनस का भुगतान सालों से लंबित है। उन्होंने बताया कि पिछले साल भी इसी मुद्दे को लेकर काम बंद कराया गया था जिसके बाद मुआवजा देने का आश्वासन देते रहे। लेकिन आज एक साल से ज्यादा समय बीतने के बावजूद किसानों को उनका हक नहीं मिला है। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता तब तक विरोध जारी रहेगा। एक युवक ने दावा किया कि करीब 80 किसानों को अब तक बोनस के रूप में पर एकड़ 5 लाख की निर्धारित राशि का भुगतान नहीं किया गया है। वहीं इस सम्बंध में इस प्रोजेक्ट से जुड़े जनरल मैनेजर मनोज कुमार ओझा ने फोन पर बताया कि मुआवजा वितरण व इससे संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी किसी इरकॉन नामक कम्पनी की है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी कोई बात है तो वे तत्काल इस संबंध में सक्षम प्राधिकारी से इस पर जल्द संज्ञान लेने का आग्रह करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की किसी भी तरह की समस्या नहीं होने दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button