चंगाई सभा को लेकर विवाद, हिंदू संगठनों के विरोध के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

कोरबा।

जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डूमरकछार गांव में रविवार सुबह आयोजित एक चंगाई सभा को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। सभा की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताते हुए कार्यक्रम बंद करा दिया। सूचना मिलने पर डायल-112 और पाली पुलिस की टीम भी तत्काल घटनास्थल पहुंची।

बताया जा रहा है कि एक निजी मकान में प्रार्थना सभा का आयोजन किया जा रहा था, जिसमें कटघोरा, हरदीबाजार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों को बुलाया गया था। हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों को प्रलोभन देकर सभा में शामिल कराया जा रहा था।

विरोध बढ़ने के बाद सभा में शामिल लोग वहां से लौटने लगे। घटना के बाद बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पाली थाना पहुंचे तथा मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मकान में पूर्व में भी इस तरह की सभा आयोजित की गई थी, जिस पर आपत्ति दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद दोबारा आयोजन किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।

पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर संबंधित मकान मालिक को नोटिस जारी किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, जबकि पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।

Back to top button