चरित्र शंका में पत्नी को बुलेट से कई बार कुचलने का प्रयास, आरोपी पति गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हत्या के प्रयास के आरोप में भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

रायगढ़। रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद के बाद पत्नी की हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर अपनी पत्नी को बुलेट मोटरसाइकिल से कई बार कुचलने का प्रयास करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता गणेशी साहू (32) ने 3 जुलाई 2026 को जूटमिल थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वर्ष 2014 में उसका प्रेम विवाह अमित साहू (36) से हुआ था। दोनों के दो बच्चे हैं। विवाह के बाद से आरोपी शराब के नशे में अक्सर मारपीट और विवाद करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वह बच्चों को अपनी सास के पास छोड़कर अलग किराए के मकान में रहने लगी थी।

शिकायत के मुताबिक, 30 जून को पीड़िता के जन्मदिन पर आरोपी उसे भविष्य में शराब नहीं पीने और अच्छे से रखने का भरोसा देकर अपने साथ ले गया। इसके बाद 3 जुलाई की रात वह उसे बुलेट मोटरसाइकिल से अपने गांव कोड़ातराई ले गया, जहां चरित्र पर संदेह करते हुए उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

आरोप है कि जान बचाने के लिए जब महिला घर से बाहर भागी तो आरोपी ने बुलेट मोटरसाइकिल से उसे टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद उसने कथित रूप से हत्या की नीयत से कई बार मोटरसाइकिल महिला के शरीर पर चढ़ाकर उसे कुचलने का प्रयास किया। हमले में महिला के सिर, गर्दन, हाथ, जांघ, चेहरे सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

पीड़िता की शिकायत पर जूटमिल थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी अमित साहू निवासी कोड़ातराई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

रायगढ़ पुलिस ने बताया कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों में संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ त्वरित कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद की आड़ में महिलाओं के खिलाफ हिंसा या जानलेवा हमला किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Back to top button